इसी घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिला शव
- फोटो : अमर उजाला
एक युवक ने दूसरे मोहल्ले के एक घर में घुसकर फांसी लगा ली। युवक को लटकता देख उस घर की महिला ने शोर मचाया तो भीड़ लग गई। पुलिस को सूचना दी गई और कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस ने आत्महत्या की वजह पता चलने और परिजनों के किसी भी कार्रवाई करने से इनकार करने पर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बताया जाता है कि युवक का मानसिक संतुुलन ठीक नहीं था।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ठठराही निवासी खालिक का बड़ा बेटा राजन शेख (47) महरहा रोड स्थित राजकीय बस स्टॉप के पास कपड़ों में इस्त्री कर परिवार का गुजर बसर करता था। बताया जाता है कि कई दिन से राजन का दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। सोमवार की सुबह परिजन उसे चित्तापुर गांव झाड़-फूंक कराने ले गए थे। सुबह 10 बजे घर लौटने के बाद वह कुछ देर घर में रुका और फिर शौच का बहाना बना घर से निकल सीधे पड़ोसी मोहल्ला छिपहटी निवासी राज कुमार प्रजापति के घर में जा घुसा। उस दौरान राज कुमार की पत्नी रानी घर के बाहर कपड़े धो रही थी।
कमरे का दरवाजा बंद होने पर उसने चोर घुसने की आशंका पर शोर मचा दिया। शोर सुन खासी तादाद में इलाकाई जुट गए। डॉयल 100 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। दरवाजा न खुलने पर तोड़ा गया। कमरा खुलने पर राजन का शव कमरे के अंदर नायलोन की रस्सी से झूल रहा था। बिंदकी कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि युवक शराब पीने का आदी था। चार-पांच दिन से उसने शराब छोड़ रखी थी। राजन के बड़े बेटे इकरार के मुताबिक, अब्बू दिन-भर ऊल-जुलूल बका करते थे कि उन्हें कोई बुला रहा है। कोतवाल ने बताया कि इसी के चलते उसे परिवार के लोग झाड़-फूंक कराने ले गए थे। किसी प्रकार का विवाद इस घटना में सामने नहीं आया है और न ही परिवार ने किसी प्रकार का शक जाहिर किया है।