फतेहपुर में सदर फायर स्टेशन के पीछे दीवार निर्माण करने का विरोध करने पर सोमवार सुबह टेंपो चालक को गोली मार दी गई। गोली के छर्रे लगने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे कानपुर रेफर किया है। पुलिस ने ससुर, दामाद समेत कई अज्ञात आरोपियों खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शांतिनगर मोहल्ला निवासी अविनाश केशरवानी (40) टेंपो चालक हैं। चालक के मिठाई दुकानदारछोटे भाई प्रकाश केशरवानी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया पड़ोसी फैज और उसका ससुर यार मोहम्मद व उनके परिवार के अन्य लोग मिलकर घर के पीछे से गुजरी नाली की जगह पर दीवार का निर्माण करा रहे थे।
नाली से उनके घर का पानी निकलता है। इसकी सूचना पर भाई अविनाश मौके पर पहुंचे और दीवार बनाने से मना किया। तभी फैज और यार मोहम्मद में अविनाश को गाली गलौज की और भाग जाने की धमकी दी। वाद-विवाद के दौरान ही मोहल्ले के लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। हमलावर फैज और यार मोहम्मद अपनी छत पर चढ़ गए और तमंचे से अविनाश पर गोली चला दी।
गोली लगने से अविनाश घायल हो गया। फायरिंग से मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल हो गया। हमलावरों से उन लोगों से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। नाली की जगह से मोहल्ले के और भी कुछ घरों का पानी निकलता है। आरोपी उस जगह पर दीवार खड़ी कर कब्जा करना चाहते हैं। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है।