युवा किसान की मौत के बाद दरवाजे पर बैठी महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
एक युवा किसान की बुधवार बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसा गोबर फेंकने जाते वक्त टूटी लाइन पर पैर पड़ने से हुआ। पड़ोसी ने यह लाइन सबमर्सिबल चलाने के लिए गलत तरीके से ट्रांसफार्मर से तक जोड़ा था। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तबतक किसान की मौत हो चुकी थी। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
यह हादसा चांदपुर थाना क्षेत्र के बरमपुर गांव में सुबह लगभग सात बजे हुआ। किसान शिवपाल कुशवाहा का छोटा बेटा रामजी (24) खेती में बराबर का हाथ बंटाता था। वह रोज की तरह सुबह गोबर फेंकने के लिए गांव के बाहर जा रहा था। घर से महज 100 मीटर दूर जमीन पर गिरे बिजली के तार से जा टकराया। इस समय लाइन पर करंट दौड़ रहा था। टूटा तार पैर में उलझने पर वह जमीन पर गिर पड़ा। चीख सुनकर आसपास के घरों से लोग निकल आए।
जब तक लाइन से अलग करने के लिए दौड़ते, किसान की जान जा चुकी थी। चांदपुर एसओ चिंरजीव मोहन ने बताया कि जिस लाइन से हादसा हुआ है, वह शिवपाल के ही पड़ोसी के घर को गई है। गांव में लो वोल्टेज की समस्या से वह इसी सीधे ट्रांसफार्मर से खींच कर ले गया है। मंगलवार की रात यह लाइन कतिपय कारणों से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसकी चपेट में आकर रामजी की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलती है तो संबंधित लाइन खींच कर ले जाने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।