प्रधान पद के चुनाव की वजह से टीम ने नरायणपुरवा गांव
के शराब कारोबारियों पर मंगलवार को शिकंजा कसा। टीम ने चार सौ लीटर तैयार
अवैध कच्ची शराब, 400 क्विंटल लहन और 20 धधकती शराब की भट्ठियां बरामद की
हैं। पांच घंटे तक चली कार्रवाई में करीब डेढ़ लाख की शराब और माल बरामदगी
का दावा किया गया है।
नरायणपुरवा गांव में डीईओ निरंकार नाथ पांडेय व
सदर निरीक्षक रवींद्र प्रसाद, खागा निरीक्षक दिनेश खरे और कोतवाली पुलिस की
सयुंक्त टीम ने भोर पहर छापेमारी की।
गांव के चिह्नित शराब कारोबारियों
राजू, उर्मिला, विजय, कल्लो, और रामदुलारी के घरों में तलाशी अभियान चलाया
गया। छापेमारी से गांव में भगदड़ मच गई। घरों से लोग भाग निकले।
छापेमारी
में शराब और लहन भी घरों से बरामद हुआ। गांव के उत्तर में बने नाले के
किनारे भी शराब और भट्ठियां धधकती मिली।
पश्चिम और दक्षिण की ओर खेतों पर
टीम ने खुदाई की तो मिट्टी में छिपाए गए लहन और शराब से भरे पीपे बरामद
हुए। पुआल और झाड़ियों के बीच में छिपाई गई शराब भी बरामद हुई।
इस गांव में
सर्वाधिक रूप से अवैध कच्ची शराब बनाई जाती है। कोतवाली क्षेत्र में आने
वाले इस इलाके का नाम लोग कच्ची दारू वाला गांव के रूप में जानते हैं।