डीएम आवास के सामने पड़ा कटा पेड़
- फोटो : अमर उजाला
डीएम आवास के सामने कंपनी बाग की बाउंड्री निर्माण के लिए बुधवार को एक मजदूर की पेड़ की डाल काटने के दौरान गिरने से मौत हो गई। घटना की खबर परिजनों को साथी मजदूरों ने दी है। पेड़ बगैर परमीशन के काटा जा रहा था। हालांकि पेड़ से दुर्घटना होने की आशंका से इलाके के लोग पेड़ काटने की मांग कर रहे थे।
गाजीपुर थाने के डुंडरा पहाड़पुर गांव निवासी मैकू का बेटा खन्ना (40) मजदूरी क र परिवार चलाता था। नगर पालिका परिषद उद्यान विभाग के कंपनी बाग की बाउंड्री का निर्माण करा रही है। बाउंड्री के निर्माण में बाग में कई बड़े पेड़ दिक्कत पैदा कर रहे हैं। इसी वजह से काटे जा रहे हैं। मजदूर खन्ना पेड़ पर दोपहर को काफी ऊंचाई में चढ़ा था। अचानक डाल टूटने से मजदूर सड़क पर आ गिरा। साथ में काम कर रहे मजदूर उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मजदूरों में इसे लेकर रोष भी रहा। साथी मजदूर शिवसागर का कहना था कि पेड़ हरा होने की वजह से काटने के लिए परमीशन होना चाहिए, लेकिन सारे नियम ताक पर रखकर पालिका निर्माण करा रही थी। कोतवाल दीपक पांडेय ने बताया कि शव मार्च्युरी में रखा दिया गया है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टम गुरुवार को परिजन कराएंगे।