मलवां औद्योगिक एरिया की रिहायशी कालोनी में रविवार
की रात दाखिल हुए चोरों ने गृहस्वामिनी को पीट कर चाभियां छीन लीं और फिर
बक्से में रखे तीन हजार रुपये और सामान उठा ले गए। भुक्तभोगी का आरोप है कि
पत्नी की सूचना पर उसने 100 नंबर डॉयल किया लेकिन कोई रेस्पांस देने के
बजाए टका सा जवाब देकर टकरा दिया गया।
यूपीएसआईडीसी की कालोनी में
राजेश कुमार तिवारी परिवार के साथ रहते हैं। बकौल राजेश, रविवार को वह काम
से बाहर गए थे। घर में पत्नी ज्ञानू के साथ तीनों बच्चे सो रहे थे।
तभी चार
चोर दरवाजा तोड़ कर अंदर दाखिल हो गए और पत्नी को कब्जे में लेकर मारपीट
शुरू कर दी। चिल्लाने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए बक्से की चाभी
छीन ली।
इसके बाद एक चोर ने बक्सा में रखा सामान पलट दिया और उसमें रखे तीन
हजार रुपये कब्जे में ले लिए। जाते वक्त चोरों ने पुलिस को सूचना देने पर
देख लेने की धमकी भी दी।
राजेश ने बताया कि चोरों के जाने के बाद पत्नी ने
तत्काल इसकी जानकारी दी। जिस पर उसने 100 नंबर पर कॉल किया लेकिन उसे किसी
प्रकार की राहत देने के बजाय मलवां पुलिस को सूचना देने की बात कहकर नंबर
काट दिया गया।
इस संबंध में मलवां थानाध्यक्ष ज्ञान सिंह यादव ने बताया कि
उन्हें जिस वक्त सूचना मिली, उस दौरान वह चक्की मोड़ पर हुए एक्सीडेंट के
मामले में व्यस्त थे। मामले की पड़ताल कराई जा रही है।