अमर उजाला ब्यूरो
हथगाम। थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में पिता व भाइयों की पिटाई से राजेश कुमार की हुई मौत के मामले में बुधवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। कानपुर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पत्नी की तहरीर पर कार्रवाई की गई है।
जलालपुर गांव निवासी शिवनंदन का दो अगस्त को बेटे राजेश से झगड़ा हो गया था। तभी शिवनंदन ने अपने बेटे राजू व धर्मेंद्र संग राजेश पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। गंभीर चोट से राजेश मरणासन्न हो गया था। कानपुर हैलट में इलाज के दौरान राजेश की पांच अगस्त को मौत हो गई थी। राजेश की पत्नी सोनम देवी ने बुधवार को ससुर शिवनंदन जेठ राजू, देवर धर्मेंद्र कुमार, जेठानी संगीता देवी व रूपरानी पत्नी पट्टीपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि ससुर ने जमीन का सौदा किया था।
जमीन के बैनामे की रकम में राजेश हिस्सा मांगने पहुंचा था। तभी ससुर समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे मारपीट कर मरणासन्न कर दिया था। एसएचओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि राजेश की मौत कानपुर में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की गई है।
बेटे की हत्या, पिता समेत परिवार के पांच नामजद
-पत्नी की तहरीर पर दर्ज की गई रिपोर्ट