बकेवर कस्बे के प्रमुख व्यवसायी के घर में छत के
रास्ते से घुसे चोरों ने बीस हजार रुपये नगदी समेत लगभग 15 लाख रुपये के
जेवरात पार कर दिए। दो जगह चोरी का प्रयास करने वाले चोरों को एक महिला के
घर से एक हजार रुपये हाथ लगे। जबकि चोर दुकान की कुंडी काटने में कामयाब
नहीं हो सके। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार
रात कस्बे के किराना व्यवसायी एवं डीसीएम मालिक पिंटू गुप्ता पुत्र स्व.
पुत्तन लाल गुप्ता अपने परिवार के साथ पुराने मकान में रात साढ़े दस बजे
खाना खाने के बाद सामने बने दूसरे नए मकान की छत पर सो गए।
तभी चोर पुराने
मकान में दीवार के सहारे छत पर चढ़कर जीने से नीचे उतरे और वहां रखी अलमारी
व बक्सों को खोलकर बीस हजार नगदी सहित सोने व चांदी के 15 लाख रुपये के
जेवरात चोरी कर ले गए।
सुबह घटना की जानकारी होते ही कस्बे में सनसनी फैल
गई। दस मीटर की दूरी पर पिकेट ड्यूटी लगी होने के बावजूद भी चोर घटना को
अंजाम देकर चले गए।
इससे आक्रोशित नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता और भूमिका
पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भुक्तभोगी व्यवसायी पिंटू गुप्ता ने पुलिस को दी
गई तहरीर में 20 हजार रुपये नगद समेत 15 लाख के जेवरात चोरी होने की लिस्ट
दी है।
चोरों ने पड़ोसी सोमवती तिवारी पत्नी स्व. बब्बू तिवारी के घर की
कुंडी तोड़कर एक हजार नगदी पार कर दी। जबकि संजय सोनी ज्वैलर्स की दुकान से
कुंडी काटने का असफल प्रयास किया। बकेवर थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने
घटनास्थल का जायजा लिया है। चोरों का शीघ्र पता लगाकर माल बरामद करने के
प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।