राजनगर एक्सटेंशन के रेजीडेंट्स आवारा कुत्तों के खौफ में जी रहे हैं। एक माह में एक्सटेंशन की अलग-अलग सोसायटीज में 20 से अधिक बच्चों व बुजुर्गों को ये कुत्ते काट चुके हैं।
केडीपी ग्रांड सवाना में 13 अक्तूबर को आठ कुत्तों ने कुशाग्र(9) पर बुरी तरह हमला कर दिया। कुशाग्र के सिर में 18 टांके आए हैं। उसके पैर, हाथ और पीठ पर भी कुत्तों ने बुरी तरह काटा है।
इस घटना से दो दिन पहले ही एक्सटेंशन एओए के पदाधिकारियों ने नगर निगम को आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की शिकायत की थी।
कुशाग्र की मां वत्सला माथुर ने बताया कि अगर निगम अधिकारी शिकायत पर संज्ञान लेते तो बेटे का यह हाल न होता। पिता अनुपम ने बताया कि शाम के समय ग्राउंड में खेलने के दौरान उनके बच्चों पर कुत्तों ने हमला किया था।
राजनगर एक्सटेंशन अपार्टमेंट एसोसिएशन के सचिव धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि एक्टेंशन में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
इससे पहले भी केडीपी के ही 5 वर्षीय जियांश और 15 वर्षीय हर्षुल पवार को कुत्तों ने काट लिया था। शिकायत के बावजूद निगम और प्रशासन की तरफ से अब तक सुनवाई नहीं हो रही।
‘कुत्ते काटने की मेडिकल रिपोर्ट दिखाओ’
हमारे पास 14 अक्तूबर को एक शिकायत आई है, इसके बाद हमने शिकायतकर्ता से बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट मंगवाई थी। हम कुत्तों को कारण स्पष्ट होने पर ही पकड़ सकते हैं। ऐसे में लिखित शिकायत के साथ काटे गए लोगों की मेडिकल रिपोर्ट मिलने पर ही कुत्ते पकड़े जाएंगे।- सुमिति अय्यर, अध्यक्ष पीएफए