बिंदकी। बोलेरो ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई।
बकेवर के जलालपुर गांव निवासी भैयादीन के किसान बेटे सुरेश (45) गांव के ही अपने साथी बाबूराम (55) को लेकर बाइक से कोतवाली बिंदकी के गांव वीरपुर निमंत्रण में जा रहे थे। सदानबदन का पुरवा के पास पीछे से एक बोलेरो ने टक्कर मार दी। हेलमेट न होने से दोनों गंभीर घायल हुए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। वहां सुरेश ने दम तोड़ दिया। घायल बाबूराम को सदर अस्पताल रेफर किया गया है। उधर, जहानाबाद में मुगल रोड पर मंगलवार रात निशक्त शिव प्रसाद (60) ट्राई साइकिल से घर जा रहे थे। ढाबा के पास एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर किया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उनके बेटे बबलू ने तहरीर दी है।