अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के हाइवे पर बुधवार की शाम डंपर चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा कस्बा निवासी हरीश कुमार पांडेय (65) किसान थे। शाम को एकारी गांव के इसरफील अहमद के साथ हरीश बाइक से सनगांव किसी काम से जा रहे थे। लखनऊ बाईपास चौराहे पर बाइक सवार पहुंचे थे, तभी पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। हरीश उछलकर हाइवे पर गिरे। डंपर हरीश के पैरों में चढ़
गया। वहीं दोस्त इसरफील छिटकर रोड के बाएं साइड गिरे। हेलमेट लगाए होने से सिर में चोट नहीं आई। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने हरीश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं इसरफील का इलाज शुरू है। हरीश के चार बेटे शिवेश, लोकेश, रूपेश,
अमरेश हैं। पत्नी की कई साल पहले मौत हो गई थी। बाकरगंज चौकी इंचार्ज आशीष सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर डंपर की तलाश की जा रही है।
डंपर की टक्कर से किसान की मौत, दोस्त घायल
बाइक सवार किसान किसी काम से सनगांव जा रहा था
लखनऊ बाईपास चौराहे पर हुआ हादसा