अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। एटीएम बूथ पर किसान का रुपये निकालने में मददगार बना शख्स धोखेबाज निकला। किसान को साढ़े चार हजार रुपये का चूना लगाकर फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के अरईपुर घेरवा गांव निवासी बुद्धू लाल बैंक ऑफ बड़ौदा के खाताधारक हैं। वह खजुहा स्थित एसबीआई के एटीएम में शुक्रवार शाम रुपये निकालने गए थे। उन्हें एटीएम से रुपये निकालने की कम जानकारी है। बूथ पर खड़े युवक से उन्होंने मदद मांगी। इस पर युवक ने मदद कर दस हजार रुपये निकालकर दे दिया।
वह एटीएम बूथ से कुछ दूर ही पहुंचे थे तभी उनके मोबाइल पर दूसरा मैसेज आ गया। इसमें साढ़े चार हजार रुपये निकाल लेने का पता लगा। किसान ने अपना एटीएम चेक किया। एटीएम कार्ड बदला हुआ था।
एटीएम कार्ड का कोड उसी शख्स के सामने डाला था। वे दौड़कर एटीएम के पास पहुंचे, लेकिन टप्पेबाज गायब हो चुका था। उन्होंने घटना की तहरीर चौकी पुलिस को दी। चौकी इंचार्ज रामू यादव ने बताया कि शनिवार को बैंक खुलने के बाद सीसीटीवी फुटेज देखेेंगे।