अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में सोमवार को 13 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बहुआ प्रतिनिधि के अनुसार ललौली थाना क्षेत्र के मुत्तौर गांव निवासी नूरे का बेटा गिल्लू (8) को सड़क पार करते वक्त बांदा जा रहे खाली ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गिल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों व ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंपा। ग्रामीण सड़क पर ब्रेकर न होने को लेकर हंगामा काटते रहे। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो सका। इस दौरान बांदा टांड मार्ग में करीब आधे घंटे जाम लगा रहा है।
इधर, थरियांव थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव निवासी संदीप और सूरज बाइक से शहर आ रहे थे। बाइक सवारों को थरियांव हाइवे पर टेंपो ने टक्कर मार दी। खागा कोतवाली क्षेत्र के सूरजभान को सड़क पार करते वक्त किसी वाहन ने टक्कर मार दी। गाजीपुर थाना क्षेत्र के कंजरनपुरवा गांव निवासी सोनू और शैलेंद्र बाइक से अनियंत्रित होकर गिरने से घायल हो गए। हथगाम कस्बे के वार्ड नंबर तीन निवासी हरिश्चंद्र का 10 वर्षीय बेटा अन्निशेष स्कूल से लौटते वक्त टेंपो में दौड़कर चढ़ रहा था। पैर फिसलने से गिरकर घायल हो गया। हंसवा पीएचसी में तैनात डाक्टर अनीता शहर आते वक्त स्कूटी से अनियंत्रित होकर गिरने से घायल हो गई।
बिंदकी प्रतिनिधि के अनुसार वीरेंद्र सिंह, निर्भय सिंह औंग थाना क्षेत्र के रैना गांव निवासी हैं। दोनों बाइक से बांदा जा रहे थे। जाफरगंज थाना क्षेत्र के बरगदियापुर के पास टेंपो की टक्कर से घायल हो गए। ललौली थाना क्षेत्र के कीर्तिखेड़ा निवासी खुशीलाल अपनी मां रामप्यारी और बहन पूनम को बाइक से लेकर औंग जा रहे थे। कांशीराम कालोनी के पास बाइक सवारों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी।