तिलहर। रविवार को डंडिया में पप्पू यादव की गोली लगने से हुई मौत के मामले में मृतक के बहनोई ने गंाव के ही दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोमवार को फॉरेंसिक टीम ने गांव पहुंचकर जांच के लिए कई नमूने लिए।
बता दें कि गांव डंडिया निवासी राजेश यादव का साला पप्पू यादव निवासी लखीमपुर तीन सालों से बहनोई के पास रहकर खेतीबाड़ी का काम देखता था। रविवार शाम उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सोमवार को पप्पू के बहनोई राजेश यादव की तहरीर पर गांव के ही राजकुमार और उसके भाई सत्यपाल तथा नन्हे के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। तहरीर में कहा गया है कि शौचालय बनाने को लेकर चार महीना पहले आरोपियों से विवाद हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी लेकिन आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई जिससे उनके हौसले बुलंद थे। आरोप है कि रविवार शाम पप्पू खेत पर गया था। तभी आरोपियों ने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। कोतवाल दयाचंद्र शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें बना दी गई हैं।
पुलिस ने घटना पर जताया संदेह
पप्पू यादव की हत्या की घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है। तहरीर में पप्पू को खेत पर गोली मारने की बात कही गई है जबकि गांव में घर पर गोली लगने की चर्चा है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराब के नशे में पप्पू ने खुद तमंचे से फायर किया था। गोली दीवार से टकराने के बाद उसके पेट में जा लगी। आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा है इसलिए उन्हें फंसाने के लिए घटना को हत्या का रूप से दे दिया गया।