फतेहपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन महिलाएं संदिग्ध हालत में घर के भीतर आग से झुलस गईं। परिनजों ने झुलसी महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कजियाना मोहल्ला निवासी शकील की पत्नी शबीना(33) रविवार शाम घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई थी। उसे बिंदकी सीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। महिला की सोमवार सुबह जिला अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि अभी तक मायके पक्ष से किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मलाका गांव निवासी रज्जन की बेटी रुखसार (21) रविवार शाम घर के भीतर आग से झुलस गई थी। रात में ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में पिता ने बताया किखाना पकाते समय कपड़ों में आग लगने से बेटी झुलसी है। इसी प्रकार थरियांव थाना क्षेत्र के करियामऊ गांव निवासी बाल गोविंद की पत्नी रीता (30) सोमवार सुबह घर के भीतर आग से झुलस गईं। पति ने पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। डाक्टरों ने दोनों झुलसी महिलाओं को कानपुर हैलट ले जाने की सलाह दी है।