फतेहपुर। महिलाओं के समूह का जमा लोन हड़पने में पूर्व शाखा प्रबंधक समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है।
मिर्जापुर जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र के बेलन गांव निवासी विवेक कुमार मिश्रा बिंदकी में संचालित सैटिंग केयर नेटवर्क लिमिटेड में शाखा प्रबंधक हैं। कंपनी महिलाओं के समूह को कर्ज देने और जमा कराने का काम करती है। विवेक मिश्रा ने बताया कि पूर्व शाखा प्रबंधक रमेश कुमार निवासी मल्हीपुर जिला सुल्तानपुर और कर्मचारी राजेश कुमार निवासी कसिदहा थाना ज्ञानपुर जिला संत रविदास नगर ने एक साल पहले महिलाओं के समूह बनवाकर कर्ज दिया। उसके बाद जमा तीन लाख रुपये हड़प लिए। कुछ दिनों बाद महिलाओं से रुपये जमा करने के लिए कहा गया। तभी मामले का खुलासा हुआ। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।