रोती बिलखती मृतक की बहन पिंकी। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
जाफरगंज। गहरूखेड़ा गांव में सोमवार रात ट्रैक्टर चालक की बाग में ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को छिपाकर फरार हो गए। परिजन खोजबीन करते मंगलवार सुबह बाग पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। गुस्साए परिजनों ने एक घंटे तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विकेश उर्फ भोलू पटेल (25) कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी गांव स्थित ईंट भट्टे में ट्रैक्टर चलाता था। वह 27 मार्च को घर खेतीबाड़ी के काम से आया था। भाई सुरेश ने बताया कि सोमवार दोपहर खेत में गांव के शिवम, कल्लू, अशोक के साथ खाद डलवाई थी। उसके बाद घर में चारों ने खाना खाया था। भोलू के साथी शाम चार बजे चले गए थे। इस दौरान भोलू के पास किसी महिला का फोन आया था। भोलू उससे गाली-गलौज कर रहा था। उसके बाद भोलू गन्ने के खेत में पानी लगाने जाने लगा। मां गीता ने भोलू को नशे में होने के कारण जाने से रोक दिया था। रात साढ़े नौ बजे किसी का फोन आया। फोन पर गाली-गलौज हुई। इसके बाद खेत में पानी लगाने के लिए भोलू चला गया था। वह सुबह घर नहीं लौटा। उसकी खोजबीन के लिए मां, बहन पिंकी, बेटी कशिश और बेटा काव्यांश खेत गए। खेत के बगल में उनका बाग है। बाग में भोलू का शव पॉलिथीन में लिपटा हुआ पड़ा था। उसकी चप्पल बाग में पड़ी थी। परिजन पॉलिथीन खोलते ही चीख पड़े।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष रामाशीष यादव मौके पर पहुंचे। चेहरा और सिर कूंचा हुआ था। आंख बाहर निकल आई थी। घटनास्थल पर एक ईंट और डंडा पड़ा मिला। दस मीटर तक खून की बूंद फैली हुई थी। परिजनों ने एसपी और डॉग स्क्वायड को बुलाने की मांग की और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। सीओ संजय सिंह ने समझाकर किसी तरह से शव को कब्जे में लिया। एसपी राजेश कुमार सिंह, एएसपी राजेश कुमार और फोरेंसिक टीम पहुंची। फोरेंसिक टीम ने खून के नमूने परीक्षण को लिए। एसपी ने घटनास्थल की जांच की। एसपी ने बताया कि मृतक के मोबाइल फोन की जांच में सर्विलांस टीम को लगाया है। कुछ लोगों की धरपकड़ की गई है। घटना का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
घटना स्थल की जांच करते एसपी राजेश कुमार सिंह। संवाद- फोटो : FATEHPUR