फतेहपुर। छात्रा के लापता होने पर पुलिस ने चार युवकों पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की। मुकदमा दर्ज होने के कुछ देर बाद एक कुएं में छात्रा का शव मिला। इसके बावजूद पुलिस ने युवकों का शांतिभंग में चालान किया। इससे आक्रोशित युवती के परिजनों ने डीएम और एसपी से शिकायत की है।
मोहद्दीपुर गांव निवासी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा चार जुलाई की रात को घर से लापता हो गई थी। बकेवर थाना पुलिस ने सात जुलाई को पुलिस ने गांव के अंशु गुप्ता, पंकज, अशोक और भैंसौली गांव के शिवम आरख के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की थी।
शाम को गांव किनारे एक कुएं से छात्रा का शव मिला था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस आरोपियों और छात्रा के बीच मोबाइल पर बातचीत का सुबूत जुटाने का प्रयास कर रही थी। पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि होने के बाद 12 जुलाई को चारों आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
इस पर छात्रों के परिजनों ने नाराजगी जताई। गुरुवार को डीएम और एसपी से शिकायत कर पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया। युवती के परिजनों ने आरोपी पक्ष पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। एसपी राजेश कुमार सिंह ने परिजनों को जांच कराने का आश्वासन दिया है।