बहुआ। कोर्ट के आदेश पर ललौली पुलिस ने पट्टाधारकों और दरोगा के खिलाफ गाली गलौज और धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। ललौली कस्बा निवासी मनीष कुमार साहू का आरोप है कि अढ़ावल स्थित उसकी जमीन पर कृपा नाथ मिश्रा सहखातेदार हैं। जमीन का बंटवारा नहीं है। कृपानाथ मिश्रा ने सुधीर तिवारी और अजीत गुप्ता के नाम जमीन का एग्रीमेंट कर दिया, जबकि उनका जमीन पर पूरा हिस्सा नहीं है।
जमीन पर उपेंद्र कुमार गुप्ता और उनके पार्टनर सुधीर तिवारी ने अवैध रास्ता बनाकर मौरंग खनन के ट्रक निकाले। इसकी जानकारी पर छह फरवरी 2019 को जमीन देखने गया। उसने सुधीर तिवारी से ट्रक निकालने का विरोध किया। इसी बात पर सुधीर तिवारी नाराज हो गया। ललौली पुलिस को बुलाया। एसआई शैलेंद्र सिंह ने उसके साथ गाली गलौज की।
एसआई शैलेंद्र सिंह ने जमीन से करीब 20 लाख की मौरंग चोरी से निकलाई है। आरोपियों से मिलीभगत के चलते उसकी थाने में रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। उसने 14 फरवरी को एसपी से शिकायत की। जिसके बाद कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। थानाध्यक्ष योगेंद्र पटेल ने बताया मामला दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।