औंग। पुलिस से बचने की कोशिश में बाइक सवार शातिर ने तालाब में छलांग लगा दी। पुलिस तालाब के एक छोर पर रही और शातिर तैरकर उस पार निकलकर एक घर में घुस गया। जहां से ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को तीन बमों के साथ जेल भेजा है।
थानाक्षेत्र के गुधरौली गांव के पास सोमवार की भोर करीब तीन बजे पुलिस को क्रास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक सवारों का पीछा किया। गुधरौली गांव में पुलिस को पीछे आते देख एक बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। जबकि उसका साथी शीतला मंदिर के पास तालाब में कूद गया। पुलिस कुछ देर तक बाइक सवारों की तलाश करती रही। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने बदमाश को पकड़ने की जानकारी दी।
आरोपी से थाने में पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने दूसरे साथी के बारे में कुछ नहीं बताया। पुलिस ने बाइक सीज की है। पता चला कि आरोपी मोबाइल छीनने की घटनाएं करते थे। पकड़ा गया आरोपी हरदोई की देहात कोतवाली क्षेत्र के नानागंज ओमपुरवा निवासी रवी कंजड़ है। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया आरोपी के पास से तीन बम बरामद हुए हैं। विस्फोटक अधिनियम का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है। आरोपी के साथी के बारे में पता लगाया जा रहा है।