फतेहपुर। कोरोना प्रोटोकाल के तहत माध्यमिक स्कूल खोलने के लिए तैयार किए जा रहे हैं। हर स्कूल के प्रवेश गेट पर कोरोना हेल्प डेस्क स्थापित करना अनिवार्य कर दिया गया है। 16 अगस्त को विशेष सचिव माध्यमिक जिले के माध्यमिक स्कूलों में तैयारियों का जायजा लेंगी।
शुक्रवार को डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने जोन प्रभारियों की वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा हुई। बैठक में डीआईओएस ने 16 अगस्त से स्कूल खोलने के निर्देश दिए। कहा कि स्कूल दो पालियों में संचालित होंगे। आधे बच्चे पहली पाली और आधे बच्चे दूसरी पाली में आएंगे। स्कूल गेट पर अनिवार्य रूप से कोरोना हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, जिसमें थर्मल स्क्रीनिंग के साथ मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था होगी। पानी और साबुन
से हाथ धोने के प्रबंध करने होंगे। स्कूल में कोई भी बच्चा बिना मास्क लगाए नहीं आएगा, जो बच्चा किसी कारणवश बिना मास्क के स्कूल आता है, तो स्कूल प्रबंधन उसे मास्क उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी 403 माध्यमिक स्कूल 15 अगस्त तक कक्षाएं संचालन की तैयारियां पूरी कर लें। क्योंकि 16 अगस्त को विशेष सचिव माध्यमिक नेहा प्रकाश जिले के स्कूलों का निरीक्षण करेंगी। स्कूल और परिसर साफ सुथरे न मिलने पर कार्रवाई होगी।
कन्या सुमंगला योजना के आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त है। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पात्र छात्राओं के आवेदन तय तिथि तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन करा दिए जाएं, जिससे शासन से तय लक्ष्य पूरा किया जा सके।