जाफरगंज। बिजली निगम के संविदा लाइनमैन के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हसनापुर निवासी मोनू पासवान जोनिहा विद्युत उपकेंद्र में संविदा लाइनमैन है। उन्होंने तहरीर में बताया कि जाफरगंज थाना क्षेत्र के नरैचा गांव निवासी शीटू यादव ने छह दिन पहले फोन पर बिजली की लाइन जोड़ने का दबाव बनाया था। तत्काल लाइन जोड़ने में असमर्थता जताने पर आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की। पीड़ित का आरोप है कि 18 जुलाई को वह अपने क्षेत्र में फॉल्ट ठीक करने गया था। लौटते समय रावतपुर चौराहे पर स्थित चाय की दुकान में दो साथियों के साथ बैठे शीटू यादव ने रंजिश में गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर तीनों ने मारपीट कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। थानाध्यक्ष प्रमोद शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर शीटू यादव व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।