फतेहपुर। लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोजन की ओर से सी-विजिल मोबाइल एप जारी किया गया है। इस एप के माध्यम से आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित शिकायत की जा सकती है। शिकायत करने के 100 मिनट के भीतर कार्रवाई की समय सीमा तय है।
जिले में पांचवें चरण में चुनाव होना है। इसको लेकर आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। जिला प्रशासन ने भी चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। निष्पक्ष चुनाव के लिए सी विजिल जारी किया गया है। एप पर चुनाव की घोषणा से मतदान दिवस तक शिकायत की जा सकती है।
इस एप को मोबाइल के प्ले स्टोर से डाउन लोड करके आसपास हो रहे आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की लाइव फोटो व दो मिनट का वीडियो या अन्य साक्ष्य अपलोड करना है। लोकेशन आन होने से यह आटोमैटिक जगह को चयनित कर लेगा। शिकायत के 100 मिनट में आचार संहिता से जुड़े उल्लंघन पर कार्रवाई होगी व मतदाता को हो रही असुविधा को दूर किया जाएगा। सी-विजिल एप के जरिए चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से नजर रखी जाएगी।