यूपीपीसीएल के ट्विटर अकाउंट पर किया गया ट्वीट। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बिंदकी। भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। कटौती ने दिन का चैन और रातों की नींद उड़ा दी है। लोग यूपीपीसीएल को ट्विट कर बिजली मांग रहे हैं।
कस्बे में इन दिनों 21.30 घंटे विद्युत आपूर्ति का रोस्टर है, लेकिन विद्युत कटौती के कारण बमुश्किल 16 से 17 घंटे बिजली मिल रही है। कभी फाल्ट कभी रोस्टिंग के नाम पर विद्युत कटौती हो रही है। इससे भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं। आधी रात को कई-कई घंटे के लिए बत्ती गुल हो जाती है। इससे लोग जागकर रातें व्यतीत कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी फाल्ट होने के कारण कभी लो तो कभी बिजली आती ही नहीं है। इसका प्रभाव व्यापार पर भी पड़ रहा। पिछले कई दिन से स्थानीय लोग अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में लोगों ने यूपीपीसीएल के विभागीय ट्विटर एकाउंट पर ट्वीट कर अपनी समस्या बतानी शुरू की है। ट्वीट में लोगों ने बताया कि बिजली व्यवस्था पूरी तरीके से चरमरा गई है। मांग की है कि बिजली कटौती का समय निर्धारित किया जाए। एसडीओ आशीष कुमार ने बताया कि इन दिनों दरवेशाबाद फीडर से ही विद्युत कटौती हो रही है। जितनी बिजली मिल रही है उस हिसाब से आपूर्ति दी जा रही है।