फतेहपुर। तैनाती में विभागीय खामी के चलते रविवार को शहर कोतवाल श्रवण कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। रविवार दोपहर एसपी अनूप कुमार सिंह ने पांच इंस्पेक्टरों का फेरबदल किया।
कोतवाल को लाइन हाजिर करने के साथ ही बिंदकी कोतवाल हेमंत कुमार मिश्रा को सदर कोतवाली, हथगाम थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश प्रसाद गुप्ता को बिंदकी कोतवाल बनाया गया है। लाइन में चल रहे निरीक्षक संजय पांडेय को हथगाम थाने में तैनात किया गया है। इंस्पेक्टर गिरेंद्र पाल सिंह को पुलिस लाइन से एएचटी थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया।
शहर कोतवाल श्रवण कुमार सिंह को आठ फरवरी को तैनाती मिली थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार चर्चा है कि आईजी प्रयागराज की ओर से बीते दिनों से लाइन हाजिर पुलिस कर्मियों को छह माह तक लाइन में रखने के आदेश दिए गए थे।
कोतवाली में तैनाती से पहले निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह साइबर थाने से निलंबित चल रहे थे और उनका लाइन में कार्यकाल पूरा नहीं हो पाया था। उनकी तैनाती को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लेने के बाद यह फेरबदल किया गया।