बहुआ। ललौली थानाक्षेत्र के बरवट गांव में सोमवार की रात चोरों ने दो घर खंगाले। एक घर से हजारों रूपये का सामान चोरी कर लिया लेकिन दूसरे घर में महिला के जागने व शोर मचाने पर चोरी नहीं कर पाए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
बरवट गांव निवासी किसान ननकू निषाद और उनकी पत्नी सुखरनियां, बेटी ललिता देवी (13) घर के बाहर बरामदे में रात को सो रहे थे। कमरे के दरवाजे की कुंडी लगाए थे। रात में चोर घर में छत के रास्ते घुसे और अलमारी व बक्से में रखे तीन जोड़ी चांदी की पायल, चार जोड़ी चांदी की बिछिया, एक जोड़ी चांदी की तोड़िया, 5500 रुपये, चार साड़ियां, जरूरी कागजात उठा ले गए। इसके बाद घर के बगल में रहने वाले ननकू के बेटे होरीलाल के घर में घुस गए। यहां चोरो के घुसते ही होरीलाल की पत्नी अनीता की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया।
शोर सुनते ही चोर भाग गए। होरीलाल ने बताया कि वह पत्नी अनीता, बेटा सूरज, बेटी नीतू, रीतू, रिया को लेकर कमरे के दरवाजे के बगल में बरामदे में सोया था। चोरों के दरवाजे की कुंडी खोलते ही पत्नी की नींद खुल गई। कार्यवाहक थानाध्यक्ष उमाकांत यादव ने बताया कि अभी तक पीड़ित ने तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।