हुसैनगंज(फतेहपुर)। महिला से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी के घर चढ़ाई बोल दी गई। करतूत से नाराज हमलावरों ने गाली देते हुए कई राउंड फायरिंग भी की। फायरिंग से अफरातफरी मच गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों से 10 लोगों को जेल भेजा है।
थाना क्षेत्र के गुल्ला का पुरवा गांव की एक महिला से पड़ोसी गांव नारायनपुर के कौशल किशोर यादव ने छेड़छाड़ की थी। जिस पर महिला पक्ष से होमगार्ड पद पर तैनात अनिल कुमार यादव ने साथियों के साथ सुनियोजित तरीके से कौशल किशोर के घर पर चढ़ाई बोल दी। कौशल किशोर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग खड़े हुए। कौशल किशोर का आरोप है कि हमलावरों ने गाली गलौच करते हुए कई राउंड फायर झोंके। जिससे वह बाल बाल बच गया। उसने 112 पर सूचना देकर पुलिस बुलाई लेकिन तब तक आरोपी भाग निकले।
इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को शनिवार थाने बुलाया था। जिसके बाद इन दोनों पक्ष के 10 लोगों पर कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक निशिकांत राय ने बताया कि कौशल किशोर के खिलाफ छेड़छाड़ की एफआईआर लिखी गई है। कौशल के पक्ष से अनिल, जितेंद्र व मोतीलाल पर मारपीट का मुकदमा लिखा गया है। जबकि हमलावर पक्ष से अनिल यादव, अरुण, संदीप, मुन्ना, रंजीत व ननका के खिलाफ बलवा करने का मामला दर्ज किया गया है। इन सभी को लिखापढ़ी के बाद जेल भेजा गया है।