पोस्टमार्टम हाउस में शोकाकुल परिवार के साथ खड़े बसपा जिलाध्यक्ष विवेक माथुरे गौतम।
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। खेत में लगे कटीले तार पर गिरी एचटी लाइन से आए करंट से खासमऊ की एक किशोरी की जान चली गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने बिजली विभाग के एक्सईएन से बात ग्रामीणों की कराई तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ। विभाग की तरफ से मृतका के परिवार को 20 हजार की फौरी आर्थिक मदद दी गई है।
हादसा शनिवार सुबह सात बजे खागा कोतवाली क्षेत्र के खासमऊ गांव में हुआ। गांव के मेवालाल की बेटी सपना (13) सुबह साढ़े छह बजे घर से शौच के लिए निकली थी। छब्बू सिंह के खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। लाइन टूटकर खेत पर लगे कटीले तार पर गिर गई। जिससे कटीले तार पर करंट दौड़ने लगा। लौटते वक्त सपना ने कटीला तार छू लिया जिससे वह करंट की चपेट में आ गई। किसी तरह ग्रामीणों ने सपना को तार से अलग किया लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और मुआवजा की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक्सईएन खागा मेघ सिंह से परिजनों की बात कराई। एक्सईएन ने विभाग की तरफ से 20 हजार रुपये की मदद का चेक परिवार को सौंपा।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे बसपा जिलाध्यक्ष विवेक माथुरे गौतम ने आहत परिवार और आर्थिक मदद के लिए विभागीय अफसरों से बात की। एक्सईएन ने बताया कि जांच के बाद परिजनों को 4.80 लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जाएगा।