फतेहपुर। हथगाम सीएचसी में चिकित्सा प्रभारी की पिटाई से नाराज एंबुलेंस कर्मियों ने हड़ताल कर दी है। कर्मियों ने क्षेत्र की सात एंबुलेंस का संचालन रोक दिया है। कार्रवाई न होने पर जिले में हड़ताल की चेतावनी कर्मचारी दे रहे हैं। दूसरी ओर चिकित्सा प्रभारी ने टेक्नीशियन जगबीर के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि जगवीर कोरोना मरीज को लाने में सहयोग नहीं कर रहा है।
हथगाम सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित चौरसिया पर आरोप है कि बुधवार रात उन्होंने 102 नंबर एंबुलेंस के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन को पीट दिया। इस मामले में रात 12:00 बजे से हथगाम सीएचसी से जुड़ी 102 और 108 एंबुलेंस सेवा के स्टाफ ने हड़ताल कर दी। एंबुलेंस कर्मियों का कहना है कि अगर हथगाम के चिकित्सा प्रभारी को नहीं हटाया जाता है तो जिले की एंबुलेंस सेवा बंद कर दी जाएगी।
कोरोना को लेकर हर कोई सशंकित है। 108 व 102 और एएलएस सेवा में शामिल एंबुलेंस कर्मी भी ऐसे माहौल में सशंकित हैं। मास्क, सैनिटाइजर, ग्लब्स की सुविधा नहीं मिल रही है। बुधवार की रात खागा के अलीपुर बहेरा गांव के पन्नालाल ने अपने बेटे को गोरखपुर से लौट कर आने की जानकारी 108 नंबर पर दी।
108 एंबुलेंस नहीं पहुंची तो 102 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन जगवीर ने आरोप लगाया कि वह जब गाड़ी लेकर हथगाम अस्पताल पहुंचा तो वहां मौजूद चिकित्सा प्रभारी ने बिना कुछ समझे पीटना शुरू कर दिया। मौके पर खड़े लोगों ने बीच-बचाव किया तो भी नहीं माने और गाली दी।
जगवीर का आरोप है कि उसे सीधे हरदो सीएचसी ले जाने को कहा गया। वहां पहुंचा तो यहां से उसे सदर अस्पताल भेज दिया गया। 108 व 102 एएलएस एंबुलेंस यूनियन के अवनीश पांडेय ने कहा कि चिकित्सा प्रभारी को नहीं हटाया गया तो पूरे जिले में हड़ताल की जाएगी। दूसरी और चिकित्सा प्रभारी डॉ अमित चौरसिया का कहना है कि एंबुलेंस कर्मी उन पर दबाव बनाने के लिए आरोप लगा रहे हैं।