फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका के परिजनों की पिटाई से प्रेमी की शनिवार रात मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर प्रेमिका ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पूरे दिन सोशल मीडिया में मामला वायरल हुआ। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं प्रेमिका के परिजन भी बीमारी से तंग आकर आत्महत्या की बात कह रहे हैं।
इलाकाई लोगों में चर्चा रही कि बीती तीन जुलाई को थरियांव थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने रात में अपनी नाबालिग पुत्री को पड़ोस के एक युवक के साथ पकड़ लिया था। इस पर परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई की थी।
पिटाई से घायल युवक का कानपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार को युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा तो परिजन उसे चुपचाप गांव लेकर आ गए और बिना पुलिस को कोई सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार भी करा दिया।
इसके कुछ देर बाद ही प्रेमिका ने भी घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर में कोठरी में फंदे के सहारे लटका मिला। पूरी घटना रविवार को सोसल मीडिया पर वायरल होती रही। युवक के परिजनों ने भी शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
इंस्पेक्टर थरियांव अखिलेश प्रताप सिंह का कहना है कि प्रेम-प्रसंग में पिटाई और मौत का कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। यदि परिजन शिकायत करेंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।