जहानाबाद। घर से मजदूरी करने निकले युवक का शव दूसरे दिन धुलाई सेंटर के पास पड़ा मिला। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से परिजन ने हत्या की आशंका जताई है।
जहानाबाद कस्बे के आंबेडकर मोहल्ला निवासी दुलारे का पुत्र रामबरन (25) मजदूरी करता था। परिजन के अनुसार वह रविवार को मजदूरी पर जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार सुबह कस्बे की चंदा गली में एक धुलाई सेंटर के पीछे सड़क से करीब 20 मीटर दूर रामबरन का शव पड़ा मिला। पुलिस को शव के पास बिरयानी और शराब की बोतलें भी पड़ी मिलीं। युवक के मुंह पर चोट के निशान पाए गए हैं।
परिजन ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।