फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के वीआईपी रोड निवासी बीफार्मा के छात्र का शव रविवार को कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में मिला। वह रविवार सुबह मार्निंग वॉक के लिए घर से निकला था और इसके बाद लापता हो गया। परिजन के मुताबिक उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
परिजन ने बताया कि महाराजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे खेत पर मयंक (19) बेसुध अवस्था में मिला। यहां मौजूद लोगों ने उसके क्लीनिक संचालक पिता धर्मेंद्र से मोबाइल पर बात कराई। बेटे की सिसकियां सुनने के बाद परिजन महाराजपुर पहुंचे। यहां एक नर्सिंग होम में मयंक को मृत पाया।
परिजन ने बताया कि मयंक हरिद्वार में बीफार्मा का छात्र था और करीब आठ दिन पहले घर आया था। रविवार सुबह वह मोबाइल घर पर छोड़कर मार्निंग वॉक के लिए निकला था। वह कानपुर कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है। बड़ा भाई अनिल शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।