फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के जोड़ों में फर्जीवाड़ा पर शिकंजा कसने के लिए इस बार बायोमीट्रिक मशीन से उपस्थिति दर्ज होगी। जिले में 525 जोड़ों का पंजीकरण कराया जा चुका है। वहीं सामग्री खरीद का टेंडर लेने के लिए ठेकेदारों ने जोड़तोड़ शुरू कर दी है।
जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 440 जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य है। इस बार शासन से एक लाख प्रति जोड़ा खर्च निर्धारित किया गया है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाएंगे। 25 हजार रुपये से उपहार व आदि सामग्री की खरीद होगी और 15 हजार रुपये समारोह की व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे। गत वर्ष प्रति जोड़ा 51 हजार रुपये खर्च निर्धारित था। इसमें 35 हजार रुपये कन्या के खाते में, 10 हजार रुपये से सामग्री खरीद और 6 हजार रुपये समारोह की तैयारी पर खर्च होते थे।
गत वर्षों में सामूहिक विवाह समारोह के अधिकतर टेंडर मैनपुरी के ठेकेदारों के हाथ लगा था। इस बार भी कुछ अधिकारियों के करीबी पुराने ठेकेदार काफी सक्रिय हैं। हालांकि पारदर्शिता के लिए समारोह में शामिल होने वाले प्रत्येक जोड़े की उपस्थिति बायोमीट्रिक मशीन से लगवाकर सत्यापन किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू ने बताया कि नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में 525 जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है। लगातार पंजीकरण किए जा रहे हैं। इनकी पात्रता का सत्यापन कराया जाएगा। सामग्री खरीद व समारोह की व्यवस्था के लिए टेंडर प्रक्रियाधीन है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण कराने वाले जोड़े अपना आधार कार्ड भी अपडेट करा लें। इससे अनुदान का लाभ लेने में कोई समस्या न आए। बिना बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज कराए अनुदान का लाभ नहीं मिलेगा।