फोटो-40-औंग में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लगी सेध। संवाद
औंग (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की कोशिश की। माना जा रहा है कि रविवार दोपहर बैंक में घुसे बदमाश कई घंटे तक अंदर रहे लेकिन लॉकर नहीं तोड़ सके और बिना कोई सामान ले जाए भाग गए। घटना का पता सोमवार दोपहर स्टोर रूम में सेंध दिखाई देने पर चला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बैंक के पीछे खेत होने के कारण बदमाश खेतों के रास्ते रविवार दोपहर करीब 2:15 बजे दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश युवक बैंक के भीतर पानी पीते दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी का डीवीआर बंद कर दिया। बदमाश स्टोर रूम में काफी देर तक तलाश करते रहे और लॉकर तक पहुंच गए लेकिन उसे तोड़ने में सफल नहीं हो सके।
शाखा प्रबंधक संजय शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह बैंक सामान्य रूप से खुला। दोपहर में प्रिंटर का पेपर खत्म होने पर चपरासी स्टोर रूम गया तो दीवार में सेंध देखकर उसने तत्काल सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश शुक्ला ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।