एचटी लाइन की चपेट में आने से राजगीर की मौत फोटो-42-दुखी पासवान। फाइल फोटो
प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में एक मकान पर प्लास्टर करते समय राजगीर की बृहस्पतिवार को गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई है। पिता ने गृहस्वामी पर लापरवाही से काम कराने का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी पिता दुखी पासवान ने पुलिस को बताया कि पुत्र शिवराज (43) राजगीर था। वह थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में इकबाल के घर की दूसरी मंजिल की रेलिंग पर प्लास्टर करने गया था।
मकान के बगल से ही हाईटेंशन लाइन गुजरी है। काम के दौरान पुत्र करंट की चपेट में आ गया। उसे खागा स्थित नर्सिंग होम लेकर गए। यहां डाॅक्टर ने हालत गंभीर देखकर सीएचसी हरदों भेजा। सीएचसी में डॉक्टर ने पुत्र को मृत घोषित कर दिया।
पिता ने आरोप लगाया कि काम से पहले ही पुत्र ने गुजरी हाईटेंशन लाइन में प्लास्टिक का पाइप डलवाने की मांग की थी। इसके बाद भी दबाव बनाकर बेटे से काम कराया गया। गृहस्वामी की लापरवाही से हादसा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
हाईटेंशन लाइन से युवक झुलसा
इटावा के अजीत नगर मोहल्ला निवासी रफीक (43) रिश्तेदारी में जहानाबाद के मियांटोला मोहल्ला आया था। वह बृहस्पतिवार को छत पर टहल रहा था। छत के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गया। युवक कोसीएचसी में भर्ती कराया गया है। अवर अभियंता विनोद कुमार तोमर ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।