फतेहपुर। नगर पालिका ने नाले और नालियों की सिल्ट सफाई में मनमानी की। इस दौरान जो सिल्ट निकली, उसे सड़क पर ही डाल दिया। अब यह सिल्ट बारिश के पानी के साथ वापस नालों में जा रही है। इससे आने वाले दिनों में जलभराव होना तय है।
नगर पालिका ने शहर के 21 बड़े नालों की सिल्ट सफाई ठेकेदारों से कराई है। वहीं, शहर के अंदर के मझोले नाले और नालियों की सिल्ट सफाई नगर पालिका ने अपने संसाधनों से कराई है। नगर पालिका के सफाई विभाग ने अपनी जिम्मेदारियों को निर्वहन करने में कोताही बरती।
इसका प्रमाण शहर हरिहरगंज रेलवे ओवरब्रिज की सर्विस लेन पर नाले के ऊपर लगे सिल्ट के ढेर हैं। सिल्ट सूखी होने के बावजूद अभी तक नगर पालिका ने इसे हटाना मुनासिब नहीं समझा। इसी तरह अवंतीबाई चौराहे से चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल रोड पर एफसीआई गोदाम के सामने नाले के ऊपर सिल्ट पड़ी है। हालांकि बारिश में यहां की बड़ी तादाद में सिल्ट बहकर नाले में जा चुकी है।
इसके अलावा शहर कई मोहल्लों में नाले-नालियों की अभी तक सिल्ट सफाई ही नहीं हुई। नहर कालोनी के सामने, रेलवे स्टेशन से हरिहरगंज क्रासिंग रोड, नगर पालिका के सामने बिंदकी बस स्टैंड तक का नाला सिल्ट से बजबजा रहा है। यह नाले मामूली बारिश होने पर उफना जाएंगे और सड़कें नाले में तब्दील हो जाएंगी। यह स्थिति होते हुए भी नगर पालिका मूकदर्शक बनी है।
मझोले नाले और नालियों की सिल्ट सफाई के साथ सिल्ट की उठान नगर पालिका ने अपने संसाधनों से कराई है। इसके बाद अगर कहीं कोई समस्या है, तो तत्काल निराकरण कराया जाएगा। जहां सिल्ट डंप है, उसे जल्द उठवा दिया जाएगा। - मीरा सिंह, ईओ नगर पालिका