फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में जंगल से घर लौट रही बुजुर्ग महिला को बाइक सवार तीन युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उनकी आंखें बंद कर नाक की कील और कान की बाली उतार ली और बाइक से भाग गए। पुलिस ने रविवार शाम तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
चितिसापुर गांव के मजरे तूरीपर निवासी कोमल सिंह यादव ने बताया कि मां कमला देवी रविवार दोपहर जंगल से घर लौट रही थीं। पुराने पंचायत भवन के पास बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर रास्ता पूछने लगे। एक युवक बाइक के पास खड़ा रहा, जबकि दो महिला के पास पहुंचे।
आरोप है कि एक युवक ने दोनों हाथों से उनकी आंखें बंद कर दीं और दूसरे ने नाक की कील व कान की बाली उतार ली। महिला के शोर मचाने तक तीनों बाइक सवार वहां से भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।