फतेहपुर। ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए दो लोगों को कुल 2.29 लाख रुपये वापस कराए गए हैं।
शहर शादीपुर मोहल्ला निवासी अकबाल बहादुर के साथ 12 जून 2021 को ऑनलाइन ठगी हुई थी। मोबाइल बंद होने के चलते केवाईसी सत्यापन कराने का झांसा देकर खाते से जुड़ी जानकारी ली और फिर खाते से पांच लाख रुपये निकाल लिए थे। साइबर क्राइम सेल ने खाते का स्टेटमेंट लेकर अमेजान, पेटीएम, वन-97 वॉलेट कंपनी और भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों से संपर्क किया था। ऑनलाइन शॉपिंग की डिलीवरी रुकवाई थी। एक लाख 90 हजार रुपये अकबाल बहादुर के बैंक खाते में लौटाए गए।
इसी तरह, 10 मई 2021 को रामानंद प्रसाद निवासी दक्षिणी गौतम नगर के बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक खाते से तीन बार में कुल 39 हजार 500 रुपये निकाले गए। उनके मोबाइल पर मैसेज पहुंचा था, जिसके बाद रामानंद प्रसाद ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शाखा प्रबंधक और बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक के नोडल अधिकारियों से टीम ने संपर्क किया। जिसके बाद पीड़ित के खाते में 39 हजार 500 रुपये वापस पहुंचे। निरीक्षक अतुल्य कुमार पांडेय ने बताया कि ऑनलाइन ठगी की जानकारी अगर तुरंत मिल जाए तो रकम को वापस कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी से भी बैंक खाते और एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा न करें।