फतेहपुर। आठ जुलाई 2025 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बकेवर में ताला बंद होने से गर्भवती महिला का बाहर प्रसव हो गया था। इस लापरवाही की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। इसमें कई स्वास्थ्यकर्मी दोषी पाए गए।
प्राथमिक जांच रिपोर्ट में दोषियों की जिम्मेदारी तय करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बकेवर के वार्ड ब्वॉय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। स्टाफ नर्स को जिला अस्पताल से अटैच करते हुए एएनएम के निलंबन की संस्तुति भेजी गई है। सीएचसी अधीक्षक को शिथिल पर्यवेक्षण का दोषी मानते हुए पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह नए अधीक्षक की तैनाती कर दी गई है। जिला प्रशासन से महिला और नवजात शिशु को तत्काल चिकित्सा सुविधा आईसीडीएस विभाग से आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध कराई गई है। महिला और उसके परिवार को सभी पात्र सरकारी योजनाओं से संतृप्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।