बहुआ। बांदा कानपुर हाईवे पर ट्रैक्टर ट्राला ने मंगलवार दोपहर सड़क पार कर रहे भाई बहन को टक्कर मार दी। हादसे में भाई की मौत हो गई और बहन घायल हुई।
ट्रैक्टर ट्राला के चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ललौली कस्बे के ब्राह्मण टोला निवासी सुखराम उर्फ कल्लू प्रजापति का बेटा दीपू (10) मंगलवार को अपनी छोटी बहन रानी (5) को साथ लेकर सड़क पार करके खेत में शौच के लिए जा रहा था।
वह सड़क किनारे पहुंचा ही था कि बंधवा की ओर से ईंट लादकर आए ट्रैक्टर ट्राला ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर से रानी दूर गिरी, वहीं दीपू की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई।
हादसा देखकर परिजन दौड़ कर पहुंचे। बेटे का शव देख कर परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक वासुदेव निवासी अढ़ावल को पकड़ लिया।
इधर बेटे की मौत से मां सुनीता देवी बदहवास हो गई। थानाध्यक्ष संदीप तिवारी ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जाको राखे साईंया मार सके न कोय
हादसे के बाद कस्बे के लोग रानी के सही सलामत बच जाने को लेकर जाको राखे साईंया मार सके न कोय की कहावत बोलते और हादसे की चर्चा करते रहे।
शौचालय नहीं होना बना मौत की वजह
सुखराम उर्फ कल्लू प्रजापति की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। वह मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करता हैं। सुखराम का पत्नी सुनीता देवी इस काम में उसका सहयोग करती है।
उनके काम से बच्चे दिनेश, दीपू, प्रीती, रानी समेत परिवार का भरण पोषण ही हो पाता है। इसलिए वह घर में शौचालय नहीं बनवा सके थे।
परिवार खेत और जंगल ही शौच के लिए आता जाता था। रोते बिलखती मां बोली कि बेटा कहता था कि वह पढ़ लिखकर सरकारी नौकरी करेगा। इतना पैसा कमाएगा कि मिट्टी के बर्तन बनाने का काम उन लोगों से छुड़वा देगा।
हादसों में तीन घायल
बिंदकी। सड़क हादसे में मंगलवार को तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। ललौली रोड भारतीय स्टेट बैंक के पास ई रिक्शा पलट गया।
हादसे में अवध नारायण निवासी मौहारी थाना जाफरगंज घायल हुए। दूसरी ओर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत फरीदपुर मोड़ पर मवेशी से बाइक सवार राहुल निवासी छोटे लालपुर टकराने से घायल हो गया।
मुरकुटा गांव के पास बाइक से गिरकर गुलाब कुमार कुशवाहा निवासी धानेमऊ कोतवाली बिंदकी घायल हुए। घायलों को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया गया है। (संवाद)
बाइकों की भिड़ंत में दो घायल
औंग। थाना क्षेत्र के गोधरौली के पास हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत हो गई। कानपुर नगर के महाराजपुर थाना के सरसौल निवासी अभिषेक दुबे मंगलवार को बिंदकी जा रहा था।
पेट्रोल पंप के पास उसकी सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार कुलदीप पटेल निवासी औंग भी घायल हो गया। (संवाद)
लोडर अनियंत्रित होकर पलटा, सात घायल
छिवलहा। हथगाम थाना क्षेत्र के छिवलहा के अलौदीपुर मोड़ के पास मंगलवार को मवई की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा लोडर पलट गया।
हादसे में लोडर सवार शिवशंकर (40), आशीष तिवारी (30), रामदेव दुबे (65), विनोद अवस्थी (60), रामसेवक तिवारी (70), शांति देवी (55) निवासी सीर व उनके साथ मध्यप्रदेश निवासी स्वामी राम लखन (65) घायल हुए।
यह लोग प्रयागराज कुंभ प्रवास को जा रहे थे। उनका राशन सहित ईंट, धान सड़क पर फैल गया। इधर चालक लोडर छोड़कर भाग निकला।
छिवलहा चौकी प्रभारी कालिका प्रताप सिंह ने घायलों को एंबुलेंस से हथगाम सीएचसी में भर्ती कराया है। (संवाद)
पुत्र की मौत से बदहवास मां व अन्य परिजन- फोटो : FATEHPUR