थरियांव। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार शाम बरात में जा रहे बाइक सवार युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। ट्रक समेत चालक भाग गया।
हादसा हाईवे के थरियांव थानाक्षेत्र के आमापुर उसरैना के बीच हुआ। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ठठराही मोहल्ला निवासी बंटू यादव (25) व तस्लीम शाह अपने मित्र शमी अहमद की बरात में शामिल होने बाइक से हथगाम जा रहे थे। बंटू यादव बाइक चला रहा था। आमापुर और उसरैना के बीच प्रयागराज की ओर जा रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बंटू बाइक से उछलकर हाईवे पर गिरा। ट्रक की चपेट में आने से बंटू की मौके पर मौत हो गई। वहीं, तस्लीम दूसरी ओर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा देखकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल तस्लीम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पर बरात में जाने वाले अन्य बाइक सवार पहुंचे। उन लोगों ने परिजनों को खबर दी। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र भदौरिया ने बताया कि ट्रक और चालक की तलाश कराई जा रही है।