फतेहपुर। हाईवे पर खड़े ट्रक के चालक को तेज रफ्तार कार ने मंगलवार सुबह कुचल दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव मर्च्युरी हाउस में रखवाया है।
हरियाणा प्रांत पानीपत जिले के अर्जुन नगर मॉडल हाउस निवासी दीक्षाराम का बेटा रामपाल(35) ट्रक चालक था। पानीपत से भाड़ा लेकर प्रयागराज उतारने जा रहा था। कल्यानपुर थाना क्षेत्र हाईवे के गोपालगंज के पास ट्रक की कमानी टूट गई। खलासी संदीप कुमार ने बताया चालक टायर के पास खड़े होकर कमानी देख रहा था। अचानक कानपुर की ओर से आ रही कार ने चालक को कुचल दिया। हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। घटना की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। जिला अस्पताल में घायल की इलाज दौरान मौत हो गई। एसएसआई डीडी सिंह ने बताया कि चालक के परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।