फतेहपुर। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने अधिकारी और व्यापारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में कोरोना वायरस से बचाव की तैयारियों का हाल जाना। मंगलवार को कलक्ट्रेट के एनआईसी हाल में सभी बैठे। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने रात बारह बजे से जिले में लॉकडाउन लागू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को जागरूक करें कि किसी भी स्थान पर दो से अधिक लोग एकत्र न हों। होम डिलीवरी करने के लिए 50 साल के कम आयु के स्वस्थ व्यक्तियों को ही लगाया जाए। कालाबाजारी और जमाखोरी न करें। सीमित मात्रा में आवश्यक वस्तुओं की खरीद करें। मनमानी तरीके से कीमत न वसूलें। गलत सूचना किसी भी हालत में प्रसारित न करें। घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग करें। आवश्यक वस्तुओं की पूर्ति करने वाले वाहनों के लिए डीएम से पास प्राप्त कर लें। इस मौके पर डीएम संजीव सिंह, सीडीओ सत्यप्रकाश, एसपी प्रशांत वर्मा, सीएमओ डॉ. उमाकांत, व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता, महामंत्री सुजीत सिंह डब्बू, अनिल वर्मा आदि मौजूद थे।