फतेहपुर। पारिवारिक रंजिश में एक युवक की अपहरण के बाद हत्या और शव छिपाने के मामले में पुलिस ने तीन के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। प्रधान पति और पिता-पुत्र को आरोपी बनाया गया है।
लौली थानाक्षेत्र के सुजानपुर गांव निवासी अमर सिंह ने बताया कि बेटे संदीप उर्फ कुलदीप को छह मार्च 2021 की रात करीब आठ बजे उसका भाई राम सुहावन, भतीजा रंजीत और धर्मेंद्र सिंह खेत में पानी लगाने के बहाने लेकर गए थे। संदीप रात को घर नहीं लौटा। दूसरे दिन संदीप का शव नहर किनारे जय सिंह पटेल के खेत में मिला। उसके शरीर चोटों के निशान भी थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कही थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। पुरानी रंजिश में उसके बेटे का भाई राम सुहावन, भतीजे रंजीत और प्रधान पति धर्मेंद्र ने मिलकर अपहरण किया और उसके बाद हत्या कर शव को छिपा दिया। धर्मेंद्र सुजानपुर प्रधान हेमलता पटेल (गुलाबी गैंग अध्यक्ष) का पति है। धर्मेंद्र शिक्षक भी है। थानाध्यक्ष योगेंद्र पटेल ने बताया कोर्ट के आदेश पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।