जोनिहा (फतेहपुर)। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के टिकरी मनौटी गांव में फेसबुक पर दोस्ती के बाद प्रेम विवाह करने वाली जूली (19) शनिवार रात फंदे से लटकी मिली। घटना की जानकारी रविवार सुबह परिजन को हुई। पुलिस ने समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कानपुर के सजेती थाने के चतुरीपुर निवासी रामबिहारी की पुत्री जूली (19) का बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के टिकरी मनौटी गांव में आना-जाना था। यहां उसकी पहचान लवकुश कुटार से हुई थी। दोनों फेसबुक पर मिले और वर्ष 2024 में घर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया।
जूली के अपहरण की रिपोर्ट परिजनों ने दर्ज कराई थी। इस मामले में लवकुश कुछ समय के लिए जेल गया। करीब पांच माह बाद जेल से छूटने के बाद जूली उसके घर में रहने लगी।
शनिवार को कोर्ट में दोनों की तारीख थी। इसी दौरान जूली की मां ललिता भी वहां पहुंची और बेटी को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। देर रात दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। इसके बाद ललिता रिश्तेदार के घर चली गई। अन्य परिजन घर के बाहर छप्पर के नीचे सोए थे।
रविवार भोर में जूली की सास फूलमती ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन जवाब न मिलने पर पड़ोसी की छत से झांका। जूली को फंदे से लटका पाया गया।
जानकारी पर ललिता भी पहुंची। ललिता ने पुणे में नौकरी करने वाले पति के लौटने के बाद ही पुलिस को शव उठाने की अनुमति देने की बात कही और बेटी की हत्या का आरोप लगाया। सीओ प्रगति यादव, नायब तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। यहां पुलिस ने महिला की मां को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जूली के पति लवकुश ने पुलिस को बताया कि ससुराल वाले उनकी शादी से नाराज थे। इसी कारण रात में जूली का मां से विवाद हुआ। कोतवाल लान सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-30-जूली। फाइल फोटो
फोटो-30-जूली। फाइल फोटो