असोथर (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में रविवार को पानी भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पीआरवी मौके पर पहुंची। विवाद शांत कराने के दौरान एक पक्ष ने सिपाही से अभद्रता कर मारपीट की और बॉडी वार्न कैमरा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। सिपाही की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीआरवी सिपाही आशीष सिंह ने बताया कि डायल 112 पर रविवार रात करीब 10 बजे सुजानपुर गांव में विवाद की सूचना मिली थी। सूचना पर वह होमगार्ड विजय के साथ मौके पर पहुंचे। गांव निवासी शिकायतकर्ता जगतपाल और दूसरे पक्ष के कुलदीप, दिलीप व प्रहलाद के बीच पानी भरने को लेकर विवाद चल रहा था। समझाने पर कुलदीप, दिलीप और प्रहलाद ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
सिपाही का आरोप है कि कैमरे से वीडियो बनाने पर आरोपियों ने छीना-झपटी करते हुए कैमरा तोड़ दिया और विरोध करने पर हाथापाई कर मारपीट की। मामला बढ़ता देख सिपाही ने थाने सूचना दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। थानाध्यक्ष रमाशंकर सरोज ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।