जाफरगंज। बांदा से कानपुर जा रही बस शुक्रवार दोपहर एक ढाबे के पास रुकी। बस में धमाका होने की अफवाह अचानक किसी ने फैला दी। बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी मचने पर महिला अपने सात माह बच्चे को लेकर बस से बाहर भागी। इसी दौरान बच्चे को लेकर गिर पड़ी। हादसे में बच्चा दबकर जख्मी हो गया। उसे परिजनों ने एक नर्सिंग में भर्ती कराया।
कानपुर पनकी गोपाल नगर निवासी निर्भय ने बताया कि पत्नी व सात माह के पुत्र शिवांश को लेकर ललौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर गांव एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वह परिवार समेत शुक्रवार को रोडवेज से कानपुर लौट रहे थे। थाना क्षेत्र में रावतपुर स्थित ढाबे पर रोडवेज रुकी। कुछ लोग चाय-नाश्ते के लिए रुके। कई लोग बस में ही बैठे थे। अचानक बस में धमाका होने की अफवाह फैल गई। यात्रियों में भगदड़ मच गई। अफरातफरी के दौरान निर्भय की पत्नी गोद में लिए सात माह के शिवांश को लेकर भागी। वह बस के अंदर ही फिसलकर गिर पड़ी। दबकर बच्चा घायल हो गया। थानाध्यक्ष धनंजय सरोज ने बताया मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।