फतेहपुर। एक नवंबर से तीन नवंबर के बीच का समय शहरियों के खतरे से खाली नहीं। जिस स्थान पर नगर पालिका प्रशासन ने यह मंडी आबाद करने की परमीशन दी है ठीक उसके बगल में विद्युत उपकेंद्र है। ऐसे में खतरे की घंटी कभी भी बज सकती है। दीपावली की खुशियों को यकीनन पटाखे चार चांद लगाते आए हैं। लेकिन इन पटाखों की जिस प्रकार से कुछ साल से नार्थ सिटी की घनी आबादी के बीचों-बीच दुकानें सजवाईं जा रही हैं, उससे खुशियों की इस बेला में अनहोनी से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। नगर पालिका ने मंगलवार को मुराइनटोला की इस गैर आबाद नवीन सब्जी मंडी में बारूद की मंडी सजाने की इजाजत इस साल फिर से दे दी। ऐसे में दीपावली के दौरान नार्थ व साउथ सिटी को पटाखामय करने के लिए एक सैकड़ा दुकानें शुक्रवार से रविवार के बीच सजीं नजर आएगीं। इन दुकानों पर बारूद का ढेर होगा। लेकिन हैरत इस बात की है कि नगर पालिका प्रशासन व जिला प्रशासन ने नवीन सब्जी मंडी से जुड़े मुराईनटोला विद्युत उपकेंद्र को संज्ञान में नहीं लिया। जबकि विद्युत उपकेंद्र के बारूद की मंडी के करीब होने से इलाकाई एक बार फिर से सहम गए। इलाकाईयों का मानना है कि यदि किसी कारणवश अनहोनी हो गई तो न केवल मुराइनटोला बल्कि नार्थ सिटी का बड़ा दायरा विस्फोट से तबाह हो सकता है।
इंसेट
जलकल कैंपस भी खतरनाक
फतेहपुर। दीपावली के लिए मुराइनटोला नवीन मंडी स्थल में पटाखा की दुकानें लगेंगी। गौरतलब हो कि जहां पर बारूद का ढेर तीन दिन तक जमा रहने वाला है वहां पर न केवल विद्युत उपकेंद्र बना है वरन बगल में ही जल कल का कैंपस है। जहां पर हमेशा वाहनों की फौज खड़ी रहती है। जिनमेे भरा ईधन हादसे के दौरान खतरनाक साबित हो सकता है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
यकीनन मुराइनटोला स्थित नवीन सब्जी मंडी में पटाखा की दुकानें खुलवाना रिस्की है। पालिका प्रशासन स्तर से उक्त मंडी में ही पिछली तीन-चार दीपावली से पटाखे दुकानें खुलवाई जा रही हैं। इस दीपावली में नए ठिकाने पर पटाखा की दुकानें पहुंचाना अब संभव नहीं है। फिर भी वर्ष 2014 की दीपावली में पटाखा की दुकानें आबादी से बाहर सजेंगी। रामचंद्र, कार्यवाहक ईओ/ एडीएम फतेहपुर
पालिका परिषद ने
कर दिया आवंटित
फतेहपुर। सदर नगर पालिका परिषद ने नवीन सब्जी मंडी की आवंटित दुकानों का तीन दिन के लिए सौदा कर डाला। पालिका प्रशासन ने इसके लिए लाटरी का सहारा लिया और नवीन सब्जी मंडी में बारूद की मंडी सजाने की इजाजत दे दी। पालिका प्रशासन के इस कदम से उक्त मंडी के तमाम आवंटी संशय में हैं। पालिका स्तर पर बिना चेयरमैन चंद्र प्रकाश लोधी व ईओ/ प्रशासक रामचंद्र की मौजूदगी के पटाखा की दुकानें नवीन सब्जी मंडी में सजाने की इजाजत 86 पटाखा दुकानदारों को दे दी गई। तमाम लोगों ने प्रीमियर का पूरा पैसा तक जमा कर दिया है। सदर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन चंद्र प्रकाश लोधी ने बताया कि नवीन सब्जी मंडी में पटाखा की दुकानें लगाए जाने के मामले की जानकारी उन्हें पालिका स्तर से नहीं दी गई है। कल वह बाहर थे और आज प्रमुख सचिव आए हुए हैं। ऐसे में एडीएम से उनकी बात नहीं हो सकी है, आवंटियों के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।