फतेहपुर। मोबाइल एप अपडेट करने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने महिला के खाते से 44 हजार रुपये निकाल लिए। एसपी के आदेश पर साइबर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
राधानगर थाना क्षेत्र के खंभापुर श्याम नगर निवासी स्व. प्रभाकर की पत्नी प्रीती श्रीवास्तव ने शिकायत में बताया कि नौ फरवरी को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक शाखा का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका मोबाइल एप बंद हो गया है।
इसके बाद उसने एप चालू कराने के नाम पर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसे खोलने के लिए कहा। लिंक खोलते ही मोबाइल हैक हो गया और खाते से 44 हजार रुपये निकल गए।
ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक मो. कमर खान ने बताया कि मामले में बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।