किशनपुर (फतेहपुर)। थाने में प्रेमी ने खुद को कैंसर रोग पीड़ित बताकर शादी से इन्कार कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने शुक्रवार को घर में दुपट्टे के फंदे से लटक गई। पुलिस ने परिजन से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए हैं।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती का तीन साल से पड़ोसी गांव के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच शादी की बातचीत चल रही थी। कुछ दिन बाद युवक ने युवती का फोन उठाना बंद कर दिया।
इस पर युवती बृहस्पतिवार को मां के साथ थाने पहुंच गई। यहां पुलिस ने प्रेमी को थाने बुलाया। पुलिस ने युवक पर शादी का दबाव बनाया। इस पर युवक ने खुद को कैंसर और क्षय रोग पीड़ित बताकर शादी से इन्कार कर दिया।
वहीं युवक के पिता ने कहा कि शादी के बाद बेटे को कुछ हुआ तो वह घर में युवती को नहीं रखेगा। काफी देर पंचायत के बाद युवती नाराज होकर मां के साथ घर लौट गई। हालांकि पुलिस युवक को थाने में बैठाए रही।
युवती की मां ने बताया कि उनके घर आने के बाद कुछ देर बाद पहाड़पुर चौकी प्रभारी विजय बहादुर सिंह और एक सिपाही घर आया। मां ने बताया कि दरोगा ने पुत्री से बोला कि वह चाहे तो प्राथमिकी दर्ज करा दे लेकिन लड़का बीमार है तो उसका भी भविष्य खराब हो जाएगा। आरोप है कि दरोगा ने युवती को दूसरी जगह शादी करने की सलाह तक दे डाली।
इसी तनाव में बेटी ने शुक्रवार सुबह दुपट्टे के फंदे से पंखे के कुंडे पर लटक कर जान दे दी। परिजन ने दोपहर बाद पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया युवती ने मौखिक शिकायत की थी। बिना तहरीर दिए लौट गई थी। उसे दोबारा थाने बुलवाने के लिए पुलिस भेजी गई थी। वह लौटकर नहीं आई।